भोपाल की राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत अयोध्या नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अरेड़ी रोड स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास आम रोड से दो युवतियों और एक युवक सहित तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.285 किलोग्राम गांजा और एक जिक्सर मोटरसाइकिल (MP04 ZG 0687) जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 2.70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर भोपाल और रायसेन जिले में सप्लाई करते थे। खास बात यह रही कि गांजा लाने का काम युवतियां करती थीं, जिससे पुलिस को शक कम हो और आसानी से सप्लाई की जा सके। इसके बाद आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्लम एरिया के मजदूर वर्ग को टारगेट कर पैडलर्स के जरिए नशे की सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में विनय कुमार लोधी (25 वर्ष), अंकिता ठाकुर (19 वर्ष) और आरोही सिंह उर्फ सरीता चौहान (28 वर्ष) शामिल हैं, जो भोपाल में किराये के मकानों में रहकर यह अवैध कारोबार चला रहे थे। आरोपियों ने बताया कि लग्जरी लाइफ स्टाइल और जल्दी अधिक पैसा कमाने के लालच में उन्होंने गांजा तस्करी का रास्ता अपनाया।
फिलहाल अयोध्या नगर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इस मामले से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश जारी है।

Social Plugin