Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भोपाल परिवहन कार्यालय की लापरवाही से जनता परेशान, समय पर नहीं पहुंचते अधिकारी-कर्मचारी



राजधानी भोपाल के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में अधिकारियों और कर्मचारियों की लेट आने की परंपरा आम जनता के लिए लगातार परेशानी का कारण बनती जा रही है। वर्षों से चली आ रही इस व्यवस्था के चलते लोग अपने जरूरी कामों के लिए समय पर पहुंचने के बावजूद घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। ताजा मामला तब सामने आया जब वाहन वेरिफिकेशन के लिए आवेदक समय पर कार्यालय पहुंच गए, लेकिन संबंधित अधिकारी दोपहर 12:50 बजे तक भी उपस्थित नहीं थीं, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की समस्या नहीं है, बल्कि परिवहन कार्यालय में कई अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से देरी से पहुंचते हैं। इससे लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और वाहन वेरिफिकेशन जैसे जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं। आम नागरिकों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवहन अधिकारी जितेंद्र शर्मा को भी है, इसके बावजूद कर्मचारियों पर समय पालन को लेकर कोई सख्ती नहीं की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सरकार की ओर से कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जा रहा है, तो वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समय पर क्यों नहीं कर रहे हैं।

गौरतलब है कि भोपाल परिवहन कार्यालय पहले भी रिश्वतखोरी और अव्यवस्था के आरोपों के चलते मीडिया की सुर्खियों में रह चुका है। अब एक बार फिर समय पर न पहुंचने की लापरवाही ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जल्द ही इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता की परेशानी और बढ़ सकती है।